'पति पत्नी और वो' के रीमेक के ट्रेलर पर क्यों उठ रहे हैं सवाल?: सोशल

पति-पत्नी और उनकी ज़िंदगी पर किसी तीसरे शख़्स की एंट्री पर बॉलीवुड में कई फ़िल्में बनी हैं. यह एक ऐसा विषय है जिसके बारे में माना जाता कि लोग इसे सिनेमाई पर्दे पर पसंद करेंगे.

इसी मसाले से भरपूर एक और फ़िल्म बॉलीवुड में रिलीज़ होने वाली है. फ़िल्म का नाम है, 'पति-पत्नी और वो'. यह फ़िल्म साल 1978 में इसी नाम से बनी फ़िल्म का रीमेक बताई जा रही है.

खै़र, यहां नई वाली फ़िल्म की चर्चा इसके ट्रेलर में शामिल एक डायलॉग की वजह से हो रही है. सोमवार को रिलीज़ हुए फ़िल्म के ट्रेलर में एक डायलॉग पर लोग सवाल उठा रहे हैं.

पहले आपको उस डायलॉग के बारे में बता देते हैं. फ़िल्म में चिंटू त्यागी बने लीड एक्टर कार्तिक आर्यन अपने दोस्त अपारशक्ति खुराना से कह रहे हैं, ''बीवी से सेक्स मांग लें तो हम भिखारी, बीवी को सेक्स मना कर दें तो हम अत्याचारी और किसी तरह जुगाड़ लगाकर उससे सेक्स हासिल कर लें तो बलात्कारी भी हम ही.''

सोशल मीडिया पर लोग इस डायलॉग को मैरिटल रेप से जोड़कर देख रहे हैं, साथ ही बलात्कार जैसे अपराध के सरलीकरण करने की बात भी कही जा रही है.

हरनीत सिंह लिखती हैं, ''बॉलीवुड मैरिटल रेप को आप इस तरह से नॉर्मल करने की कोशिश न करें. मैरिटल रेप हँसाने का मटीरियल नहीं है. ये बेहद शर्मनाक है.''

सौम्या लिखती हैं, ''मैरिटल रेप पर चुटकुले बनाना बेहद आम हो गया है. मुझे इस बात पर कोई हैरानी नहीं है कि लोगों को इसे देखने में मज़ा भी आएगा.'

श्रीमी वर्मा लिखती हैं, ''मैं कार्तिक आर्यन की फ़िल्मों से और ज़्यादा उम्मीद भी नहीं करती हूं. लेकिन ये बेहद निराशाजनक है.''

@Blast_Famous लिखती हैं, ''ऐसा लगता है कि ये फ़िल्म 80 के दौर में लिखी गई और 90 के दौर में इसको बनाया गया. अब रिलीज़ किया जा रहा है. आज कल कॉमेडी के नाम पर क्या-क्या परोसा जा रहा है?''

हालांकि कुछ लोगों को यह ट्रेलर पसंद आया है और उन्होंने इसकी तारीफ़ में भी ट्वीट किए हैं.

शुभम ने लिखा, ''कितना भी बोल लूं. लड़कियां ही इसको देखने के लिए भाग-भागकर जाएंगी और फिर इसे क्यूट भी कहेंगी.''

कुनिका अग्रवाल लिखती हैं, ''मुझे ट्रेलर बेहद पसंद आया. लेकिन अनन्या पांडे बच्ची जैसी लग रही हैं.''

पति पत्नी और वो 6 दिसंबर को रिलीज़ होगी. फ़िल्म में कार्तिक चिंटू त्यागी की भूमिका में दिखेंगे, जबकि उनकी पत्नी का रोल भूमि पेडनेकर ने किया है साथ ही अनन्या पांडे ने तीसरे शख़्स का किरदार निभाया है. ये पहली बार है जब कार्तिक-भूमि और अनन्या पांडे ने स्क्रीन शेयर की है.

इस फ़िल्म के बारे में भूमि पेडनेकर ने कहा था कि यह कोई सेक्सिस्ट फ़िल्म नहीं है बल्कि इसके ज़रिए लैंगिक समानता की बात पेश करने की कोशिश की जा रही है.

मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा था, ''मैंने जब फ़िल्म की स्क्रिप्ट पढ़ी तो मेरे दिमाग़ में जितने भी सवाल थे वो सभी ख़त्म हो गए, मैंने पहले भी बताया है कि इस फ़िल्म में बहुत फ़न है, इसमें परिस्थिति के अनुसार कॉमेडी सीन हैं. इसके साथ ही यह फ़िल्म दोनों जेंडर के लिए बराबर बात करती है. ज़िंदगी में कुछ भी काला-सफे़द नहीं होता.''

उन्होंने कहा, ''फ़िल्म के निर्माताओं ने इस बात का बहुत ध्यान दिया है कि यह कोई सेक्सिस्ट फ़िल्म ना बन जाए. इस फ़िल्म से जुड़े हैं हर एक शख़्स ने इस बात का बहुत ध्यान रखा है. यही बात मुझे इस फ़िल्म में सबसे ख़ास लगी.''

Comments

Popular posts from this blog

付费租借熊猫不是那么黑白分明的一件事

Колодцы в ад, комары-трезвенники и глупеющее человечество - странности 2019 года

وتلعب الجهات المانحة الصينية هذا الدور مع فيروس